Site icon Divyabharat News

शीतलहर:रायपुर में 7.5 डिग्री तक गिर गया का तापमान, लाभांडी में 5 डिग्री दर्ज हुआ

Share This Post

रायपुर। उत्तर से आ रही ठंडी और सूखी हवाओं ने पूरे प्रदेश के मौसम को अपनी चपेट में ले लिया है। सरगुजा संभाग के अलावा प्रदेश के अधिकांश मैदानी इलाके इस समय शीतलहर की चपेट में हैं। राजधानी रायपुर में तो तापमान की बड़ी गिरावट दर्ज हुई है। वहां एक दिन के अंतर पर 7.5 डिग्री सेल्सियस तक पारा गिरा है। दुर्ग में तो न्यूनतम तापमान सामान्य से 7.9 डिग्री सेल्सियस तक नीचे पहुंच गया है।

मौसम विज्ञान विभाग ने बताया, सोमवार सुबह 5.30 बजे रायपुर का न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया। रविवार को यहीं पर न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस था। अब न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री तक कम है। माना हवाई अड्‌डे पर सोमवार को न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री मापा गया। यह एक दिन पहले के तापमान से 4.2 डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं रायपुर के ही लाभांडी में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रहा। एक दिन पहले लाभांडी का तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। एक दिन के भीतर यह रायपुर के तापमान का सबसे बड़ा अंतर था। नवा रायपुर में न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस मापा गया है। जशपुर, कोरिया, पेण्ड्रा रोड और कवर्धा की चिल्फी घाटी क्षेत्र में रात का तापमान बेहद कम है। वहां खेतों और पेड़-पौधों की पत्तियाें पर पड़ी ओस की बूंदे जम गई हैं। मौसम विज्ञानियाें का कहना है, प्रदेश के उत्तर और मध्य क्षेत्र के कुछ भाग शीतलहर की चपेट में आ चुके हैं।

पेण्ड्रा रोड क्षेत्र में ठंड का असर इस तरह देखने को मिल रहा है, जहां ओस की बूंदे बर्फ के फाहे में बदल गई हैं।
पेण्ड्रा रोड क्षेत्र में ठंड का असर इस तरह देखने को मिल रहा है, जहां ओस की बूंदे बर्फ के फाहे में बदल गई हैं।
प्रदेश के अन्य जिलों में ऐसे हैं हालात

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया, बिलासपुर में न्यूनतम तापमान सामान्य से 6.1 डिग्री नीचे चला गया है। दुर्ग में यह सामान्य से 7.9 डिग्री और राजनांदगांव में 4.9 डिग्री सेल्सियस नीचे है। कोरिया में न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस मापा गया है, जो इस सीजन का सबसे कम है। डूमर बहार में 4.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया है। ये वे स्थान हैं जहां शीतलहर चल रही है।

दिन में भी बढ़ा सर्दी का एहसास

हिमालयी क्षेत्रों में हुई ताजा बर्फबारी और उत्तर से आ रही हवाओं का असर दिन के तापमान पर भी दिख रहा है। पूरे प्रदेश के सामान्य अधिकतम तापमान में 5 से 8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी गई है। इसकी वजह से दिन में भी सर्दी का एहसास बढ़ा है। रायपुर में रविवार को दिन का अधिकतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं बिलासपुर में 23 और पेण्ड्रा रोड में 20 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। अम्बिकापुर में रविवार का दिन सबसे ठंडा रहा। यहां अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस मापा गया। दुर्ग सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा। यहां का सामान्य अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहता है।

Share This Post