श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने अपने खिलाड़ियों की फिटनेस को लेकर नई गाइडलाइंस जारी की है। गाइडलाइंस में कहा गया है कि श्रीलंकाई क्रिकेटर्स अगर 8 मिनट 10 सेकंड में 2 किलोमीटर की दौड़ पूरी नहीं कर पाते हैं तो उनकी सैलरी काटी जाएगी।
नई गाइडलाइंस के तहत क्रिकेटर्स के लिए अलग-अलग पैमाने तय किए गए हैं। इनमें अगर खिलाड़ी 8 मिनट 10 सेकंड में दौड़ पूरी कर लेता है तो उसे कॉन्ट्रैक्ट के हिसाब से पूरी सैलरी मिलेगी। ऐसे खिलाड़ियों की टीम में शामिल होने की संभावना भी अधिक होगी।
नई गाइडलाइंस को लेकर श्रीलंका चयन समिति के चेयरमैन प्रमोद्या विक्रमसिंघे ने कहा है, ‘कोई क्रिकेटर अगर इस साल फरवरी में 8 मिनट 35 सेकंड में 2 किलोमीटर दौड़ रहा था तो अब उसे यह दौड़ 8.10 सेकंड में पूरी करनी होगी। हम चाहते हैं कि खिलाड़ी अपनी फिटनेस पर मेहनत करें।’
7 जनवरी को होना है फिटनेस टेस्ट
पूर्व कप्तान महेला जयवर्द्धने हाल ही में श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के नए कंसल्टिंग कोच बने हैं। उनके आने के बाद से टीम में कई बदलाव होने की उम्मीद है। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में मुंबई इंडियंस के कोच रहे जयवर्धने नई टेक्नोलॉजी को बखूबी समझते हैं। मॉर्डन कोचिंग जानते हैं।

