छत्तीसगढ़ के बस्तर में 2 अलग-अलग जगह पुलिस और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। तेलंगाना-छत्तीसगढ़ के सरहद पर स्थित पेरूर, ईलमिड़ी एवं उसूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पहाड़ी क्षेत्र में तेलंगाना स्टेट कमेटी के सीनियर माओवादी लीडर सुधाकर DVCM (डिविजनल कमेटी मेंबर) एवं वेंकटापुरम ACM (एरिया कमेटी मेंबर) सहित लगभग 40-50 सशस्त्र माओवादियों के उपस्थिति की सूचना पर तेलंगाना की ग्रेहाउंड और बीजापुर से DRG और CRPF के जवानों को मौके के लिए रवाना किया गया था। इस दौरान ईलमिड़ी के ग्राम सेमलडोडी एवं तेलंगाना राज्य के थाना पेरूर के ग्राम पेनुगोलू के सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा बलों एवं माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में जवानों ने 1 महिला समेत कुल 4 माओवादियों को ढेर किया है। इनमें 8 लाख रूपये का ईनामी नक्सली सुधाकर भी मारा गया है। इनके शव भी बरामद कर लिए गए हैं। इस मुठभेड़ में ग्रेहाउंड का एक जवान भी घायल हुआ है जिसे हेलीकॉप्टर से रायपुर रेफर किया गया है।
वहीं सुकमा, दंतेवाड़ा और जगदलपुर जिले की सरहद पर तोंगपाल, टहकवाड़ा क्षेत्र के ग्राम मोरेंगा, जुनापानी, जैमेर पहाड़ी, नंदेल डोंगरी, मारजुम और ध्रुवापारा क्षेत्र में दरभा डिवीजन के DVMC मंगतू, कटेकल्याण एरिया कमेटी सदस्य मंहगू, मुन्नी, प्रदीप, सोमडू के साथ लगभग 20-25 की संख्या में हथियार बंद माओवादियों की उपस्थित होने की सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर तीनों जिलों से जवानों को निकाला गया था। इस बीच सुकमा के टहकवाड़ा और कटेकल्याण के मारजुम इलाके में जवानों की नक्सलियों के साथ मुठभेड़ हुई जवानों ने एक महिला माओवादी को ढेर किया है। जिसकी शिनाख्त ACM मुन्नी के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, छत्तीसगढ़-तेलंगाना बॉर्डर पर बड़े नक्सली लीडरों की उपस्थिति की सूचना पर ग्रेहाउंड की टीम सुबह नक्सल ऑपरेशन पर निकली हुई थी। इस बीच जवान जब बीजापुर के उसूर थाना क्षेत्र के जंगलों में पहुंचे तो पहले से ही घात लगाए माओवादियों ने जवानों पर फायर खोल दिया। जिसका जवानों ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया। जवाबी कार्रवाई में दो नक्सलियों को ढेर कर दिया गया है, जिसमें एक की शिनाख्त हार्डकोर माओवादी सुधाकर के रूप में हुई है। वहीं घटनास्थल से सर्चिंग करने के बाद जवानों ने LMG और एक SLR रायफल भी बरामद किया है। फिलहाल इस इलाके में भी जवानों का सर्च ऑपरेशन चल रहा है।

