Site icon Divyabharat News

कल होगी नए जिले की घोषणा:जीत के बाद CM भूपेश बघेल बोले-निश्चिंत रहे खैरागढ़ की जनता,

Share This Post

राज्य सरकार रविवार शाम तक नये जिले खैरागढ़-छुईखदान-गंडई की घोषणा कर सकती है। खैरागढ़ में कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा वर्मा की जीत के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने लोगों को वादा पूरा करने का भरोसा दिलाया है। मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा, खैरागढ़ की जनता निश्चिंत रहे। तय समय पर वादा पूरा होगा।

मुख्यमंत्री निवास में प्रेस से चर्चा में CM भूपेश बघेल ने कहा, चुनाव में जिला और तहसील की घोषणा एक मुद्दा हो सकता है, लेकिन यह एकमात्र कारण नहीं है। अगर ऐसा होता तो रमन सिंह ने अपने 15 साल में 9 जिले बनाए। लेकिन मुंगेली के अलावा हर जिले में हार गए। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, 2018 के चुनाव में खैरागढ़ में हमें केवल 31 हजार वोट मिले थे। मुख्य मुकाबला देवव्रत सिंह और कोमल जंघेल के बीच ही था। इस चुनाव में हमें 87 हजार वोट मिले हैं। यानी हार के अंतर को भी कम किया और बड़ी बढ़त भी ली। हमें 57 हजार से अधिक वोटों का फायदा हुआ है। इसका मतलब यह है कि लोगों ने सरकार की योजनाओं को हाथो-हाथ लिया है।

चुनाव में जारी भाजपा के आरोप पत्र को लेकर पूछे गए एक सवाल पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा, भाजपा के उस कथित आरोप पत्र को तो खैरागढ़ की जनता ने नकार दिया है। भाजपा इस चुनाव को 2023 के आम चुनाव का सेमिफाइनल बता रही थी। नतीजों ने साफ कर दिया है कि भाजपा सेमीफाइनल बुरी तरह हार चुकी है और 2023 का चुनाव परिणाम भी ऐसा ही होने वाला है।

Share This Post