
रायपुर. न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के एक्सप्रेस-वे रोड में हुए लाखों रुपए की लूट का चंद घंटों में ही पुलिस ने खुलासा कर लिया. सेल्समैन ही आरोपी निकला है. उस पर अधिक कर्ज होने से उसने लूट की उक्त फर्जी घटना को अंजाम दिया था. आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से नगदी रकम 92,000, एक नग चांदी की अंगूठी एवं घटना में प्रयुक्त बाइक, मोबाइल को जब्त किया गया.
घटना का आरोपी एवं मास्टर माइंड निखिल वालेचा प्रार्थी के कंपनी में सेल्समेन का कार्य करता है. आरोपी मूलतः भाटापारा बलौदाबाजार का निवासी है. आरोपी निखिल वलेचा रकम वसूली का कार्य कंपनी में करता है. आरोपी ने अपने उपर ज्यादा कर्ज होने से परेशान होकर रकम गबन करने की योजना बनाई थी. आरोपी के विरूद्ध थाना न्यू राजेन्द्र नगर में अपराध दर्ज किया गया है. घटना के चंद घंटों के भीतर ही पुलिस ने मामले का खुलासा किया है.
प्रार्थी दीपेश कोड़वानी ने थाना न्यू राजेन्द्र नगर में रिपोर्ट दर्ज कराया कि रावाभांठा मेटल पार्क में प्रार्थी की बिस्किट की फैक्ट्री है. निखिल वलेचा प्रार्थी के अधीन जून 2022 से सेल्समैन का कार्य कर रहा है, जो कंपनी में ग्राहकों से वसूली तथा आर्डर का काम देखता है. निखिल वलेचा 24 नवंबर को करीबन शाम 4 बजे प्रार्थी के एमजी रोड की आॅफिस से वसूली के लिए निकला था, जो डूमरतराई थोक बाजार अशोक ट्रेडर्स के पास से 92,000 रुपए वसूली किया था. इसकी जानकारी निखिल वलेचा ने प्रार्थी को दिया था.






