
मेजबान ऑस्ट्रेलियाई टीम ने डे नाइट टेस्ट के पहले दिन 2 विकेट के नुकसान पर 221 रन बना लिए थे। कंगारू टीम बड़े स्कोर की ओर अग्रसर है। दूसरे दिन सभी की नजरें मार्नस लाबुशेन पर होगी जो अपने छठे टेस्ट की ओर अग्रसर हैं। दूसरे दिन का खेल शुरू हो चुका है।
मार्नस लाबुशेन को मिले दो जीवनदान
मार्नस लाबुशेन दो जीवनदान का फायदा उठाकर सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर (95) के साथ दूसरे विकेट के लिए 172 रन जोड़े। दिन का खेल खत्म होने पर कार्यवाहक कप्तान स्टीव स्मिथ 18 रन बनाकर लाबुशेन का साथ निभा रहे थे।
स्मिथ 2018 में गेंद से छेड़छाड़ प्रकरण के बाद पहली बार आस्ट्रेलिया की कप्तानी कर रहे हैं। स्मिथ ने टॉस जीता और इसके बाद लगभग सब कुछ ऑस्ट्रेलिया के पक्ष में रहा। अनुभवी जेम्स एंडरसन और स्टुअर्ट ब्रॉड की वापसी के बावजूद इंग्लैंड पूरे दिन में सिर्फ दो विकेट हासिल कर पाए।
आस्ट्रेलिया ने आठवें ओवर में ब्रॉड की गेंद पर मार्कस हैरिस (03) का विकेट गंवाया जिनका विकेटकीपर जोस बटलर ने शानदार कैच लपका। बटलर ने हालांकि इसके बाद 21 और 95 रन के स्कोर पर लाबुशेन के कैच छोड़े। वॉर्नर ने खाता खोलने के लिए 20 गेंद ली।
ऑस्ट्रेलिया ने पहले सत्र में धीमी बल्लेबाजी करते हुए एक विकेट पर 54 रन बनाए जबकि दूसरे सत्र में 28 ओवर में बिना विकेट गंवाए 84 रन जोड़े। वॉर्नर और लाबुशेन ने रात के सत्र में भी अच्छी बल्लेबाजी करते हुए छठी शतकीय साझेदारी की।
पिछले हफ्ते गाबा में 156 रन जोड़ने वाली इस जोड़ी की यह लगातार दूसरी शतकीय साझेदारी है। वॉर्नर हालांकि बेन स्टोक्स की बाहर जाती शॉर्ट गेंद पर कवर्स में ब्रॉड को आसान कैच दे बैठे। उन्होंने 167 गेंद की अपनी पारी में 11 चौके मारे। स्टोक्स इससे पहले 35वें ओवर में दुर्भाग्यशाली रहे थे जब उनकी गेंद पर बटलर ने लाबुशेन का कैच टपका दिया था।






