
कर्नाटक कांग्रेस के विधायक केआर रमेश कुमार के दुष्कर्म पर दिए गए बयान के बाद से बवाल मच गया है। एक तरफ भाजपा से लेकर अन्य पार्टी के नेता उनके बयान को शर्मनाक बता रहे हैं तो दिल्ली में एक एनजीओ ने उनके बयान पर मुकदमा तक दर्ज कराया है। विपक्षी पार्टी के सांसद कांग्रेस से विधायक केआर रमेश कुमार को पार्टी से बर्खास्त करने की मांग कर रहे हैं। इस बीच स्मृति ईरानी, जया बच्चन समेत कई नेताओं ने भी इस पर नाराजगी जताई है।
नारे लगाने से पहले कार्रवाई करे कांग्रेस
भाजपा नेता स्मृति ईरानी ने कहा कि विधानसभा के अंदर कांग्रेस विधायक का दुष्कर्म पर दिया गया बयान बहुत ही शर्मनाक है। कांग्रेस को महिला सशक्तिकरण की बात करने और ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ के नारे से पहले विधायक को बर्खास्त करना चाहिए।
क्या है मामला
कांग्रेस विधायक केआर रमेश कुमार ने कर्नाटक विधानसभा में चर्चा के दौरान बयान दिया कि कहावत है कि जब बलात्कार अपरिहार्य हो, तो लेट जाओ और इसका आनंद लो। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष बिल्कुल उसी स्थिति में थे। कर्नाटक विधानसभा के अध्यक्ष विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी ने इस पर कार्रवाई करने की बजाय इस पर हंस दिया।
बवाल के बाद मांगी माफी
विधायक केआर रमेश कुमार ने दुष्कर्म पर भद्दी और अश्लील टिप्पणी को लेकर माफी मांगी है। रमेश कुमार ने सोशल मीडिया पर माफी मांगते हुए कहा कि अपराध को छोटा करने का उनका इरादा नहीं था।






