
रायपुर।स्वच्छता भारत मिशन के साल 2022 के संस्करण में अब पार्षदों की तस्वीरें नाम पते और नंबर स्वच्छता एप में जोड़ें जाएंगे। इस बार ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि लोग अपने घर मोहल्ले के आसपास गंदगी होने पर, झाड़ू लगाने वाले, कचरा गाड़ी नहीं आने पर जैसी सफाई से जुड़ी तमाम शिकायतें सीधे पार्षद को कर सकेंगे।
देश में चुने हुए शहरों में पॉयलट के तौर पर इस प्रोजेक्ट को शुरू किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में राजधानी रायपुर समेत 20 शहरों को इसके लिए चुना गया है। स्वच्छ भारत मिशन में हर साल बदलाव किए जाते हैं। इस बार पार्षदों को एप से जोड़कर एक नया प्रयोग किया जा रहा है। रायपुर समेत प्रदेश के सभी नगरीय निकायों से पार्षदों की फोटो, मोबाइल नंबर, घर का पता जैसी तमाम जानकारियां मांगी गई है।
9 जनवरी से स्वच्छता एप में इस नए प्रयोग की शुरुआत हो जाएगी। पार्षदों से सीधे शिकायत करने के अलावा लोगों के पास निदान हेल्पलाइन नंबर 1100 के जरिए भी शिकायत करने का विकल्प होगा। इतना ही नहीं, पार्षदों को स्वच्छता एप के जरिए अपने वार्ड में हर दिन सफाई कैसी हो रही इसकी जानकारी भी मिल जाएगी, जिससे वो वार्ड में सफाई का स्तर भी सुधार सकेंगे।






